कनाडा को हरा सीधे क्वार्टर फाइनल में जाने के लिए उतरेगा भारत

मेजबान भारत शनिवार को पूल-सी के आखिरी मैच में कनाडा को हराकर पुरुष हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने उतरेगा. यह मुकाबला शाम 7.00 बजे से होगा. इससे पहले पूल-सी के अन्य मैच में बेल्जियम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा.

दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत पूल-सी में चार अंक लेकर शीर्ष पर है. वहीं, ओलंपिक रजत पदक विजेता बेल्जियम के भी चार अंक हैं, लेकिन भारत का गोल एवरेज बेहतर है.

भारत का गोल एवरेज प्लस पांच है, जबकि बेल्जियम का प्लस एक है. कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के दो मैचों में एक-एक अंक है, लेकिन बेहतर गोल औसत के आधार पर कनाडा तीसरे स्थान पर है.

भारत ने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से हराया और बेल्जियम से 2- 2 से ड्रॉ खेला. कनाडा को बेल्जियम ने 2-1 से हराया और कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका से 1-1 से ड्रॉ खेला.

पूल में अब भी सभी टीमों के लिए दरवाजे खुले हैं, लिहाजा मेजबान टीम कोई कोताही नहीं बरतते हुए जीत दर्ज करके सीधे अंतिम आठ में पहुंचना चाहेगी. दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें दूसरे पूल की दूसरी-तीसरी टीमों से क्रॉसओवर खेलेंगी, जिससे क्वार्टर फाइनल के बाकी चार स्थान तय होंगे.

रिकॉर्ड और फॉर्म को देखते हुए भारत का पलड़ा भारी लग रहा है, लेकिन गुरुवार को दुनिया की 20वें नंबर की टीम फ्रांस ने ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना को पूल-ए के मुकाबले में हरा दिया, लिहाजा आधुनिक हॉकी में कुछ भी संभव है.

भारतीय टीम रियो ओलंपिक 2016 का पूल मैच नहीं भूली होगी, जिसमें कनाडा ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए ड्रॉ खेला था. इसके अलावा लंदन में पिछले साल हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल में कनाडा ने भारत को 3-2 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया था.

कनाडा के खिलाफ भारत ने 2013 से अब तक पांच मैच खेले, तीन जीते, एक हारा और एक ड्रॉ रहा. कनाडा ने वैसे पहले मैच में बेल्जियम को जीत के लिए नाकों चने चबवा दिए थे. भारतीय फॉरवर्ड पंक्ति मनदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह, आकाशदीप सिंह और ललित उपाध्याय पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव होगा.

Comments

Popular posts from this blog

लोकेश राहुल ने कहा- चैट शो विवाद ने मुझे विनम्र बनाया, इसमें द्रविड़ ने मदद की

习近平在视察陆军步兵学院时强调:全面提高办学育人水平 为强军事业提供有力人才支持

कश्मीर-हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, वैष्णो देवी में रोप-वे और हेलिकॉप्टर सर्विस बंद