कश्मीर-हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, वैष्णो देवी में रोप-वे और हेलिकॉप्टर सर्विस बंद

नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी का सिलसिला मंगलवार को भी जारी है। वैष्णो देवी में भारी बर्फबारी के चलते हेलिकॉप्टर और रोप-वे सेवा बंद कर दी गई है।
वहीं, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, दिल्ली और एनसीआर में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे हैं। उत्तरप्रदेश के करीब 13 जिलों में मंगलवार को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है।

दिल्ली : बारिश के साथ गिरे ओले

धौला कुआं, अकबर रोड, मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन, प्रह्लादपुर इलाके में रातभर बारिश हुई। सुभाष नगर में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में 14.8 मिमी, पालम में 22.8 मिमी, लोधी रोड इलाके में 15 मिमी और आया नगर में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईपी एस्टेट इलाके में बारिश की वजह से मंगलवार सुबह जाम लग गया। दिल्ली और एनसीआर इलाकों में घने कोहरे की वजह से करीब 15 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

उत्तराखंड : केदारनाथ धाम के पास 2 फुट जमा हुई बर्फ

मुंशियारी और रानीखेत में मंगलवार सुबह बर्फबारी हुई है। इससे पहले सोमवार को केदारनाथ में करीब दो फीट बर्फबारी हुई। यहां पारा -6 डिग्री तक पहुंच गया। उधर, देहरादून में प्रशासन ने सभी सरकारी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र मंगलवार को बंद रखने के आदेश दिए।

जम्मू-कश्मीर : जवाहर सुरंग के पास हिमस्खलन

काजीगुंड में जवाहर सुरंग के पास मंगलवार को भारी बफबारी और हिमस्खलन हुआ। हालांकि, इसमें किसी भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। उधर, हिमपात की वजह से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे लगातार दूसरे दिन बंद है। राजौरी में मुगल रोड को भी खोलने की कोशिश की जा रही है।

हिमाचल : शिमला और लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी

लाहौल-स्पीति, किन्नौर, मनाली, कल्पा, केलांग में बीते 24 घंटों में आठ सेंटीमीटर से एक फीट तक बर्फ गिरी है। शिमला में सोमवार रात से हिमपात का नया दौर शुरू हुआ है। इससे पहले शिमला, मनाली, नारकंडा, कुफरी में सोमवार को दिन में हल्की बर्फबारी हुई थी। प्रशासन ने पर्यटकों को ऊंची पहाड़ियों पर नहीं जाने की सलाह दी है।

पंजाब : राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार सुबह शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही। कई जगह ओले भी गिरे। अमृतसर में सबसे ज्यादा 15 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे दिन के पारे में आठ डिग्री तक कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार 26 जनवरी को मौसम साफ हो जाएगा।

हरियाणा : प्रदेश में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद आंधी भी चली। रात में पानीपत, हिसार समेत कई जिलों में बारिश भी हुई। गुड़गांव समेत कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। 22 जनवरी को भी बारिश के आसार हैं। 23 जनवरी से 25 जनवरी तक कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

उत्तरप्रदेश : लखनऊ, हरदोई, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मेरठ, हापुड़, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका है।

राजस्थान : बाड़मेर में दिन का पारा 32.3 डिग्री से गिरकर 23.6 डिग्री पर आ गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से गिरकर 10.2 डिग्री रह गया। जयपुर में दिन में छिटपुट बारिश हुई। लेकिन रात करीब 11 बजे कई इलाकों में तेज बारिश हुई। अलवर के गोविंदगढ़ में आठ मिमी, राजगढ़ में एक और जैसलमेर में 8.2 मिमी बारिश हुई।

मध्यप्रदेश : मुरैना, श्योपुर में तेज बारिश के साथ सोईकलां में चने के आकार के ओले भी गिरे। ग्वालियर में सोमवार रात अच्छी बारिश हुई। भिंड में हल्की बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर-चंबल संभाग में शाम पांच बजे से सात बजे तक रिमझिम बारिश हुई। इससे पहले सोमवार को नीमच के छह गांवों में हल्की बारिश के साथ ओले गिरे थे। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसलों में फूल आ चुके हैं और बारिश-ओले से इन्हें नुकसान पहुंचने की आशंका है।

पाकिस्तान में चक्रवाती हवा का क्षेत्र

मौसम विभाग का कहना है कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। इस कारण पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान में चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। यह क्षेत्र अब पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसकी वजह से रविवार रात से पूरे मारवाड़ में मौसम बदला है। अगले दो दिन तक यहां मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।

Comments

Popular posts from this blog

लोकेश राहुल ने कहा- चैट शो विवाद ने मुझे विनम्र बनाया, इसमें द्रविड़ ने मदद की

习近平在视察陆军步兵学院时强调:全面提高办学育人水平 为强军事业提供有力人才支持